---Advertisement---

पाकिस्तान में पैसेंजर ट्रेन हाईजैक, BLA ने 100 से अधिक यात्रियों को बनाया बंधक; गोलीबारी में 6 सैनिकों की मौत

---Advertisement---

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाइजैक कर देश को हिला देने वाली घटना को अंजाम दिया। BLA ने 100 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया है, जबकि गोलीबारी में छह सैनिकों की मौत हो गई। हमलावरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके खिलाफ कोई सैन्य कार्रवाई की गई, तो सभी बंधकों की हत्या कर दी जाएगी।

कैसे हुआ हाइजैक 

जाफर एक्सप्रेस, जो क्वेटा से पेशावर की ओर जा रही थी, को बलूचिस्तान के बोलन जिले के पिरोकनारी इलाके में हमलावरों ने निशाना बनाया और रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर ट्रेन को रोक दिया। फिर हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन में लगभग 450 यात्री सवार थे, गोलीबारी में छह पाकिस्तानी सेना के जवान मारे गए हैं। हमलावरों ने ट्रेन को सुरंग संख्या 8 में रोक लिया है और यात्रियों को बंधक बना लिया है। हालांकि, उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बलूच नागरिकों को छोड़ दिया है।

BLA की चेतावनी और मांगें

बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि यह बलूचिस्तान में जारी सरकारी दमन के खिलाफ यह कदम उठाया गया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तानी सेना ने उनके खिलाफ कोई ऑपरेशन किया, तो वे सभी बंधकों को मार देंगे। इससे पहले उन्होंने छह पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया है।

पाकिस्तान सरकार कर रही शोषण- BLA

BLA का कहना है कि बलूचिस्तान के संसाधनों का फायदा वहां के निवासियों को नहीं मिल रहा, बल्कि पाकिस्तान सरकार उनका शोषण कर रही है। संगठन लंबे समय से बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग कर रहा है और इसे लेकर कई बार हिंसक हमले कर चुका है।

सरकार ने सेना और अर्धसैनिक बलों को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया है, लेकिन पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण वहां पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पाकिस्तानी सेना हाईजैकर्स से निपटने की रणनीति बना रही है, लेकिन BLA की चेतावनी को देखते हुए कोई भी कदम फूंक-फूंक कर उठाया जा रहा है।

क्या है BLA

BLA पाकिस्तान में सक्रिय एक अलगाववादी संगठन है, जिसकी स्थापना 1970 के दशक में हुई थी, लेकिन यह 2000 के बाद फिर से सक्रिय हुआ। संगठन बलूचिस्तान की स्वतंत्रता के लिए लड़ रहा है और कई बार पाकिस्तानी सेना और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमले कर चुका है।

पाकिस्तान, अमेरिका और ब्रिटेन ने BLA को आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। हालांकि, बलूच कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे सिर्फ अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और पाकिस्तान सरकार उनके साथ भेदभाव कर रही है।

ब्लूचिस्तान में असंतोष के कारण

बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा और खनिज संपदा से भरपूर प्रांत है। इसके बावजूद, स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्हें उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उनका आरोप है कि पाकिस्तान सरकार इस क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रही है, लेकिन बलूच जनता को उसका लाभ नहीं मिल रहा।

इसी असंतोष के चलते वहां कई अलगाववादी संगठन सक्रिय हो गए हैं, जिनमें सबसे प्रमुख नाम BLA का है। यह संगठन आए दिन पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ हमले करता रहता है।

यह पहली बार नहीं है जब बलूच अलगाववादियों ने इतनी बड़ी कार्रवाई की हो। हाल के वर्षों में, बलूचिस्तान में सेना और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमलों की संख्या बढ़ी है। पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में वृद्धि हाल ही में जारी ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स में भी परिलक्षित हुई है, जहां पाकिस्तान को आतंकवाद के मामले में दुनिया में दूसरे स्थान पर रखा गया है। इससे जाहिर होता है कि देश में आतंकी खतरा लगातार बढ़ रहा है।

 

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---

Leave a Comment