राजधानी पटना में महागठबंधन के नेताओं की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सीएम पद का चेहरा तेजस्वी यादव और डिप्टी सीएम का चेहरा मुकेश सहनी को घोषित किया। गहलोत और तेजस्वी यादव ने एनडीए पर निशाना साधते हुए पूछा, अब आप बताएं कि आपका सीएम चेहरा कौन है? इसके अलावा नीतीश कुमार और जेडीयू को लेकर बड़े बयान भी दिए। जानिए क्या?
NDA बताए, आपका सीएम चेहरा कौन?
गहलोत ने आगे कहा- “हम अमित शाह जी से, इनकी पार्टी के अध्यक्ष से पूछना चाहते हैं कि हमारी पार्टी का नेता तो हो गया तेजस्वी यादव, आपका नेता कौन है? गहलोत ने हमलावर होते हुए कहा- इससे काम नहीं चलेगा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। अगला मुख्यमंत्री का उम्मीदवार कौन है, ये आपको बताना पड़ेगा।“
भाजपा नीतीश को दोबारा सीएम नहीं बनायेगी
तेजस्वी यादव ने अपने नाम की घोषणा किए जाने के बाद कहा– हम महागठबंधन के लोग केवल सरकार बनाने के लिए ही नहीं, मुख्यमंत्री बनने के लिए ही नहीं, बल्कि हमें बिहार बनाना है, इसलिए एकजुट हुए हैं। तेजस्वी ने जोर देते हुए कहा, भाजपा के लोग नीतीश कुमार को दोबारा सीएम नहीं बनाएंगे। एनडीए में एक भी बार ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं हुई है। न ही अभी तक ऑफिशियली मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।
ये भी पढ़ें- देश की राजनीति में 149 परिवारों का दबदबा; 1,100 से ज़्यादा नेता किसी न किसी राजनीतिक घराने से जुड़े
आखिर क्यों नहीं घोषित किया सीएम पद का चेहरा?
तेजस्वी ने कहा, अमित शाह जी ने कई बार कहा है कि विधायक दल की संख्या तय करेगी कि सीएम कौन होगा। लेकिन अमित शाह जी से हम जानना चाहेंगे कि इस बार आप कह रहे हैं, लेकिन पिछली बार ऐसा नहीं था। एनडीए की लगातार 20 साल से सरकार है। आपने हमेशा से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है। आखिर क्या कारण है कि इस बार आप नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा नहीं कर रहे हैं।
नीतीश कुमार का ये आखिरी चुनाव है
तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा– “आप मानकर चलिए कि नीतीश कुमार जी का ये आखिरी चुनाव है।“ इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा– जनता दल युनाइटेड में कुछ नेता हैं, जो भाजपा के लिए काम करते हैं। ये नीतीश जी के खराब स्वास्थ का इस्तेमाल करके पार्टी को खत्म करने में लगे हुए हैं। चुनाव के बाद जनता दल यूनाइटेड को भी ये लोग खत्म कर देंगे। ये दल नहीं रह जाएगा।







