किशनगंज में रविवार को महागठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष चल रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ आरएसएस है, जो धर्म, जाति और भाषा के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है, जबकि दूसरी तरफ महागठबंधन है, जो सबको साथ लेकर चलने और देश को जोड़ने की कोशिश कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा, “हमारा संदेश साफ है, नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चाहती है कि मोहब्बत की दुकान बंद हो और नफरत फैलाई जाए। यही असली फर्क है और इसी सोच की लड़ाई आज देश में चल रही है।
बीजेपी असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी नफरत फैलाकर देश की संपत्ति पर कब्जा कर रही है और जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटका रही है। उन्होंने सवाल किया कि आज देश में रोजगार क्यों नहीं है? बिहार के कॉलेज और यूनिवर्सिटियां क्यों बंद हो रही हैं? बिहार के मेहनती युवाओं को दूसरे राज्यों में काम की तलाश क्यों करनी पड़ रही है? उन्होंने कहा कि अगर यही हालात जारी रखने हैं तो फैसला जनता के हाथ में है।
मोदी-नीतीश पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की नीतियों ने रोजगार के मौके खत्म कर दिए हैं। राहुल ने कहा कि वे चाहते हैं कि आने वाले वक्त में मोबाइल और कपड़ों पर “मेड इन चाइना” नहीं बल्कि “मेड इन बिहार” लिखा हो।
उन्होंने सवाल किया कि बिहार में इतनी जमीन और संसाधन होने के बावजूद कितनी फूड प्रोसेसिंग यूनिटें लगीं? मखाना, मक्का, मछली और आम जैसे उत्पादों के बावजूद किसानों को उनका सही दाम क्यों नहीं मिल पा रहा? उन्होंने कहा कि “अमित शाह कहते हैं कि बिहार में जमीन नहीं है, लेकिन अडानी को औने-पौने दाम में जमीन मिल जाती है।”
यह भी पढेंः राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखी ब्राजील मॉडल ने दिया रिएक्शन, अपनी फोटो पर क्या बोलीं?
लोकतंत्र को खत्म कर रही बीजेपी
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि नालंदा यूनिवर्सिटी कभी पूरी दुनिया में शिक्षा का केंद्र थी, और महागठबंधन की सरकार आने पर फिर से बिहार में बड़े कॉलेज और यूनिवर्सिटी खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मैंने 4,000 किलोमीटर पैदल चलकर एक ही संदेश दिया – नफरत के बाज़ार में प्यार की दुकानें खोलने के लिए। उनकी यात्रा नफरत फैलाती है, जबकि हमारी यात्रा प्यार फैलाती है।”
हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी का आरोप
राहुल गांधी ने अपने भाषण में एक बार फिर हरियाणा में “वोट चोरी” का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “मैंने हरियाणा में वोट चोरी पर एक प्रेजेंटेशन दिया और पूरे देश को दिखाया कि हरियाणा में 25 लाख से ज्यादा वोट चोरी हुए. एक बूथ पर ब्राज़ील की एक महिला की तस्वीर 200 बार दिखाई गई, भाजपा नेता उत्तर प्रदेश से हरियाणा में वोट देने आ रहे हैं, उत्तर प्रदेश के लोग वहां वोट दे रहे हैं। मैं साफ कह रहा हूं कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार वोट चुरा रहे हैं, वे बिहार में ऐसा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में ऐसा किया।”
युवाओं से की अपील
राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं से अपील की कि वे मतदान केंद्रों पर सतर्क रहें और वोट चोरी नहीं होने दें। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी-नीतीश कुमार अंबानी-अडानी के लिए काम करते हैं, वे आपका भविष्य आपसे चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए वे आपके वोट की चोरी कर रहे हैं।”
यह भी पढेंः न टिकट छोड़ा और न सिंबल; अफज़ल अली की जिद पर झुके महागठबंधन के दो बड़े नेता







