Rajnath Singh’s big statement on Sindh: केंद्रीय रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के हिस्से सिंध को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिससे पाकिस्तान में खलबली भी मच सकती है। सिंध समाज को लेकर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा- “आज सिंध की भूमि भारत का हिस्सा भले न हो, लेकिन सभ्यतागत रुप से सिंध हमेशा भारत का हिस्सा रहेगा। जहां तक जमीन की बात है, तो बॉर्डर तो बदल सकते हैं। क्या पता कल को सिंध भारत में फिर से वापस आ जाए।”
सिंध समाज के लोग कहीं भी रहें, हमेशा अपने रहेंगे
राजनाथ सिंह का बयान ऐसे समय में आया है, जब मई में हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंध चल रहे हैं। उन्होंने सिंधी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा– “सिंध के हमारे लोग जिन्होंने सिंधु नदी को पवित्र माना है, वो हमेशा हमारे अपने रहेंगे, चाहें वो लोग कहीं भी रहे। सिंधी लोगों ने भारत की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा योगदान किया है।”
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर भी किया हमला
पाकिस्तान पर बड़े बयान के साथ ही राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर भी आरोप लगाते हुए हमला बोला। राजनाथ सिंह ने कहा- साल 1947 में जब भारत स्वतंत्रता का उत्सव मना रहा था, तो लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था। उस समय की सरकार ने सिंध के लोगों स छल किया। राजनाथ सिंह ने कहा- बटवारे के समय कांग्रेस ने सिंध के लोगों से भारत आने के लिए मना किया। कांग्रेस जानती थी कि सिंध में हिन्दू अल्पसंख्यकों को कितना खतरा था।
प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी पीड़ा को समझा
राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम के दौरान कहा– पड़ोस के कई देशों में अल्पसंख्य समुदाय यातना झेलता रहा है। कई लोग जब अपनी जान बचाकर भारत आए, तो तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली बीती सरकार ने जो किया उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। एक खास समुदाय को खुश करने के लिए, वोट बैंक पाने के लिए उन्हें अपमानित किया गया। पड़ोस से आए एक विशेष वर्ग को शरण दी गई। लेकिन, हिंदू समुदाय के लोग, जिन्हें इसकी वाकई में जरूरत थी, उन्हें उचित अधिकार नहीं मिले। इस पीड़ा को किसी ने समझा, तो हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने समझा।







