अफ्रीका महाद्वीप के उत्तरी इथियोपिया में हायली गुब्बी नामक शांत ज्वालामुखी में भयंकर विस्फोट होने की खबर सामने आई है। खास बात यह है कि इस ज्वालामुखी में 12000 साल में पहली बार धमाका हुआ है। 100 से 200 किलोमीटर की रफ्तार से चलती हवाओं ने विस्फोट से निकलती राख को आस-पास के देशों तक पहुंचा दिया है। यह राख 4000 KM दूर भारत में भी पहुंच रही है। विशेषज्ञ इस धमाके को असामान्य मान रहे हैं, जानिए क्या है इसके पीछे की वजह?
हायली गुब्बी ज्वालामुखी कहां बसा है
इथियोपिया के अफार क्षेत्र में डानाकिल डेजर्ट है, जहां हायली गुब्बी ज्वालामुखी है। यह दुनिया का सबसे गर्म और सूखा इलाका माना जाता है, क्योंकि यहां तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस ज्वालामुखी में करीब 12000 साल पहले एक्टिविटी देखी गई थी। उस समय आखिरी हिम युग खत्म हो रहा होगा। उस दौर को होलोसीन काल (जब मानव प्रजाति का विकास हुआ और उसने अपनी बस्तियां बसानी शुरू की) के नाम से जाना जाता है।
हायली गुब्बी के फटने की घटना को बताया असामान्य
लंबे समय से शांत रहे इस ज्वालामुखी में रविवार को हुए विस्फोट को विशेषज्ञ असामान्य घटना मान रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे पता चलता है कि इलाके के ज्वालामुखी गतिविधि पर कितनी कम केस स्टडी हुई है। नॉर्थ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी की ज्वालामुखी विशेषज्ञ एरियाना सोल्डाटी ने साइंटिफिक अमेरिकन मैगज़ीन को बताया, “जब तक मैग्मा बनने के लिए हालात हैं, तब तक ज्वालामुखी फट सकता है। भले ही बीते 1000 साल या 10000 साल में ऐसा न हुआ हो।”
हायली गुब्बी ज्वालामुखी के फटने के मिल रहे थे संकेत
साइंटिस्ट्स ने पहले ऐसे संकेत देखे थे कि हायली गुब्बी में विस्फोट हो सकता है। जुलाई में, पास का एर्टा एले ज्वालामुखी फटा था। इससे हेली गुब्बी के नीचे जमीन हिलने लगी और सतह से लगभग 30 km नीचे मैग्मा का जमाव दिखा था। इंग्लैंड में ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी की अर्थ साइंटिस्ट जूलियट बिग्स और उनके साथियों ने रविवार के विस्फोट से पहले हेली गुब्बी की चोटी पर सफेद फूले हुए बादल और ज़मीन का हल्का ऊपर उठना भी रिकॉर्ड किया था।








