2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के कई दिग्गज नेता हार गए। इसमें आप संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ये लोग इतने कम वोटों से हारे, जितने कांग्रेस उम्मीदवार ने उस सीट पर पाए थे।
इस तरह साल 2020 में 62 सीटें जीतने वाली आप इस बार महज 22 सीटों पर सिकुड़ गई। इसीलिए आप और भाजपा में हार-जीत का अंतर महज 1.99 फीसदी रहा। वहीं अगर कांग्रेस का वोट शेयर देखें तो इस बार 6.34 फीसदी रहा। कांग्रेस को वोट काटने वाली पार्टी इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि 2024 का लोकसभा चुनाव आप और कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के अंतर्गत साथ लड़ा था। जबकि विधानसभा चुनाव में अलग रहे।
अगर केजरीवाल नई दिल्ली से हारे, मनीष सिसोदिया जगनपुरा से, सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से हारे, सोमनाथ भारती मालवीय नगर से और दुर्गेश पाठक राजेंद्र नगर से हारे, तो इसका सबसे बड़ा कारण इन सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार को मिले वोट ही रहे। क्योंकि कांग्रेस को यहाँ उतने ही वोट मिले, जितने वोटों से आप हार गई। इसलिए इस हार में कांग्रेस की अहम भूमिका बताई जा रही है।
इस तरह कुल 70 विधानसभा वाली दिल्ली में ऐसी 14 सीटें हैं, जहां कांग्रेस ने आप से ज्यादा वोट खींचकर बाधक का काम किया। अगर कांग्रेस(6.34%) और आप(43.57%) के वोट शेयर को मिला दिया जाए तो ये भाजपा द्वारा पाए गए वोट शेयर से अधिक हो जाता है। इस तरह दोनों का वोट शेयर 49.91 फीसदी हो जाता है, जबकि बीजेपी ने 45.56 फीसदी वोटों को अपने नाम किया है।
आइए जानते हैं कि वो कौन सी विधानसभा सीटें रहीं, जहां आप की हार से ज्यादा वोट कांग्रेस के खाते में गए।
1- नांगलोई जाट से भाजपा के मनोज कुमार शौकीन ने आप के रघुवीर शौकीन को 26251 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार रोहित चौधरी को 32028 वोट मिले थे।
बीजेपी- 75272 , आप- 49021
2- राजेंद्र नगर से भाजपा के उमंग बजाज ने आप के दुर्गेश पाठक को 1231 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार विनीत यादव को 4015 वोट मिले थे।
बीजेपी- 46671 , आप- 45440
3- नई दिल्ली से भाजपा के प्रवेश साहिब सिंह ने आप के अरविंद केजरीवाल को 4089 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार ,संदीप दीक्षित को 4568 वोट मिले थे।
बीजेपी- 30088 , आप- 25999
4- जंगपुरा से भाजपा के तरविंद सिंह मारवाह ने आप के मनीष सिसोदिया को 675 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार फरहाद सूरी को 7350 वोट मिले थे।
बीजेपी- 38859 , आप- 38184
5- कस्तूरबा नगर से भाजपा के नीरज बैसोया ने आप के अभिषेक दत्त को 11048 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार रमेश पहलवान को 18617 वोट मिले थे।
बीजेपी- 38067 , आप- 27019
6- मालवीय नगर से भाजपा के सतीश उपाध्याय ने आप के सोमनाथ भारती को 2131 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार जितेन्द्र कुमार कोचर को 6770 वोट मिले थे।
बीजेपी- 39564 , आप- 37433
7- महरौली से भाजपा के गजेंद्र सिंह यादव ने आप के महेंद्र चौधरी को 1782 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार बालयोगी बाबा को 9731 वोट मिले थे।
बीजेपी- 48349 , आप- 46567
8- छतरपुर से भाजपा के करतार सिंह तंवर ने आप के ब्रहम सिंह तंवर को 6239 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार राजेन्द्र सिंह तंवर को 6601 वोट मिले थे।
बीजेपी- 80469 , आप- 74230
9- संगम विहार से भाजपा के चन्दन कुमार चौधरी ने आप के दिनेश मोहनिया
को 344 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार हर्ष चौधरी को 15863 वोट मिले थे।
बीजेपी- 54049 , आप- 53705
10- ग्रेटर कैलाश से भाजपा की शिखा रॉय ने आप के सौरभ भाराद्वाज को 3188 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार गर्वित सिंघवी को 6711 वोट मिले थे।
बीजेपी- 49594 , आप- 46406
11- त्रिलोकपुरी से भाजपा के रवि कांत ने आप की अंजना को 392 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार अमरदीप को 6147 वोट मिले थे।
बीजेपी- 58217 , आप- 57825
12- तिमारपुर से भाजपा के सूर्य प्रकाश खत्री ने आप के सुरिन्द्र पाल सिंह (बिटटू) को 1168 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार लोकेन्द्र कल्याण सिंह
को 8361 वोट मिले थे।
बीजेपी- 55941 , आप- 54773
13- मादीपुर से भाजपा के कैलाश गंगवाल ने आप की राखी बिरला को 10899 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार जे.पी. पनवार को 17958 वोट मिले थे।
बीजेपी- 52019 , आप- 41120
14- बादली से भाजपा के अहिर दीपक चौधरी ने आप के अजेश यादव को 15163 वोटों से हराया। यहां के कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र यादव को 41071 वोट मिले थे।
बीजेपी- 61192 , आप- 46029
यह लेख भी पढ़ें-
दिल्ली में आम आदमी ने चुनी भाजपा, आप की हुई हार; कांग्रेस फिर जीरो पर आउट

आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे सामने आ गए हैं। ये नतीजे खासकर आम आदमी पार्टी के लिए चौकाने वाले रहे, क्योंकि आप को महज 22 सीटें मिलीं। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में 27 साल बाद वापसी करते हुए कुल 48 सीटों को अपने नाम किया। कांग्रेस एक बार फिर जीरो पर आउट हो गई, हालांकि उसके वोट शेयर में पिछले बार से बढ़ोतरी हुई और उसने कुल 6.34 फीसदी वोट अपने नाम किए। पूरा लेख पढ़ें।