बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या में नामजद पूर्व MLA और मोकामा से JDU उम्मीदवार अनंत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम अनंत सिंह को बाढ़ से लेकर पटना के लिए देर रात रवाना हो गई।
अनंत सिंह की ये गिरफ्तारी पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में हुई है। गिरफ्तारी के बाद मोकामा को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस गिरफ्तारी से पहले एसपी, एसडीओ समेत 4 अफसरों को हटाया जा चुका था। वहीं 1 एसडीपीओ को सस्पेंड भी कर दिया गया था।
अनंत सिंह के सरेंडर की अटकलों पर लगा विराम
इस हाईप्रोफाइल गिरफ्तारी से बिहार की राजनीति में गहमागहमी और तेज हो जाएगी। अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगने के बाद उनकी गिरफ्तार को लेकर विपक्षी दलों द्वारा लगातार हमला किया जा रहा था। इस बीच अटकलें लगाई जा रही थीं कि अनंत सिंह सरेंडर कर सकते हैं, लेकिन देर रात हुई गिरफ्तारी से तमाम आशंकाओं पर विराम लग गया है।
दुलारचंद और अनंत सिंह के समर्थकों में हुई थी टक्कर
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी अपने समर्थकों के साथ प्रचार प्रसार कर रहे थे। उनके साथ दुलारचंद यादव भी मौजूद थे। इसी रास्ते से अनंत सिंह भी अपने समर्थकों के साथ गुजर रहे थे। तभी दोनों पार्टियों के समर्थक एक-दूसरे से टकरा गए।
ये खबर भी पढ़ें- हत्या हो रही, रिश्वत बांटी जा रही है…; चुनाव आयोग मर गया है क्या? तेजस्वी यादव ने साधा निशाना
दुलारचंद की मौत गोली लगने से नहीं हुई
टकराहट में तीखापन आया और मामला मारपीट, लाठी-डंडो और ईंट-पत्थर के चलने तक पहुंच गया। इसी बीच दुलारचंद यादव की गोली लगने से मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ और ही बात सामने आई। डॉक्टरों ने पाया कि उनकी मौत गोली लगने के बजाय, गाड़ी से कुचलने और लोगों द्वारा पिटाई करने के कारण हुई थी।







