दिल्ली विधानसभा में भाजपा ने 27 साल बाद वापसी करते हुए महिला को सीएम बनाया है। इस तरह रेखा गुप्ता राजधानी दिल्ली की चौथी और भारतीय जनता पार्टी की दूसरी महिला सीएम होंगी। रेखा गुप्ता ने छात्र राजनीति से मुख्यमंत्री तक का सफर तय किया है। इस बार उन्होंने दिल्ली के शालीमार बाग से आप की वंदना कुमारी को हराया है।
अब तक तीनों प्रमुख दलों आप, कांग्रेस और भाजपा से दिल्ली को महिला सीएम मिल चुकी हैं। सबसे पहले भाजपा से सुषमा स्वराज, कांग्रेस से शीला दीक्षित और बीते कार्यकाल में आप से आतिशी दिल्ली की महिला सीएम रही हैं।
कौन हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
दिल्ली की चौथी और भाजपा की दूसरी सीएम बनने जा रहीं रेखा गुप्ता ने अपना राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू किया था। इस तरह वह छात्र राजनीति में सक्रिय रहने के साथ ही एबीवीपी और आरएसएस से भी जुड़ी रही हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय से शुरू किया राजनीतिक सफर
हरियाणा के जिंद में जन्मी रेखा बचपन में ही दिल्ली शिफ्ट हो गई थीं। उन्होंने साल 1992 में दिल्ली विश्विद्यालय के दौलत राम कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(ABVP) से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। 1996-97 में दिल्ली विश्विद्यालय छात्र संघ(DUSU) की अध्यक्ष बनीं।
दो बार चुनाव जीतकर बनीं पार्षद
छात्र जीवन से बाहर निकलने के बाद रेखा गुप्ता ने भाजपा में कुछ पद संभाले। 2003-2004 में वह भाजपा युवा मोर्चा दिल्ली और 2004 से 2006 तक भाजपा की राष्ट्रीय सचिव रहीं। इसके बाद रेखा गुप्ता ने 2007 में उत्तरी पीतमपुरा (वार्ड 54) से दिल्ली पार्षद का चुनाव लड़ा और जीतीं। अगले कार्यकाल के लिए 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से दिल्ली पार्षद चुनाव में फिर जीत दर्ज की।
बड़ी जीत से पहले हुईं तीन हार
दो साल पहले हुई दिल्ली नगर निगम में मेयर की सीट के लिए भाजपा की तरफ से उम्मीदवार थीं, लेकिन आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय से हार गई थीं। हालांकि इस बार का विधानसभा चुनाव रेखा गुप्ता ने जीत लिया है, लेकिन इसके पहले के दो चुनावों (2015 और 2020) में आप की वंदना कुमारी से हार का सामना करना पड़ा था। 2025 के विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने वंदना कुमारी को शालीमार बाग सीट पर 29595 वोटों से हराया है।