आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अपनी ही पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमलावर होते हुए कहा- ‘अरविंद केजरीवाल जी को अपनी अय्याशियों पर कंट्रोल करना चाहिए।’ नया मामला चंडीगढ़ में बंगला से जुड़ा है, जिसे मालीवाल ने शीशमहल 2.O नाम दिया है।
स्वाति मालीवाल ने एक्स पर किए गए ट्वीट में आरोप लगाया है कि चंडीगढ़ में सिर्फ केजरीवाल का ही नहीं मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के पास भी आलीशान कोठियां हैं।
उन्होंने एक्स पर लिखा- मनीष सिसोदिया के लिए बंगला नंबर 960, सेक्टर 39 और सत्येन्द्र जैन के लिए बंगला नंबर 926, सेक्टर 39 में हैं। ये सेक्टर 39 की वो बड़ी बड़ी आलीशान कोठियाँ हैं जहां सरकार के मंत्री रहते हैं।
स्वाति ने आरोप लगाए हैं कि इन कोठियों के अलावा चंडीगढ़ में दिल्ली से आए कई लोगों को रहने के लिए आलीशान बंगले पंजाब सरकार ने दिये हैं। स्वाति ने निशाना साधते हुए आगे लिखा- सरकारी संपत्ति पर इस तरह अवैध क़ब्ज़े करके बैठना एक अपराध है।
ये भी पढ़ें-
योगी सरकार का बड़ा ऐलान, लखीमपुर खीरी का मुस्तफाबाद अब कहलाएगा ‘कबीरधाम’
एएनआई पर बातचीत का वीडियो भी स्वाति ने शेयर किया। मालीवाल ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने अपने लिए एक शीशमहल 2.O चंडीगढ़ में बनवा लिया है। चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में पंजाब सीएम के कोटा से एक बड़ा आलीशान महल है, जो 2 एकड़ की जमीन पर बना हुआ है। ये 7 स्टार होटल से कम नहीं है।
इसमें अरविंद केजरीवाल जी ने पंजाब सरकार द्वारा जमकर रेनोवेशन कराया है। स्वाति मालिवाल ने सवाल पूछते हुए कहा- केजरीवाल तो दिल्ली में विधायक भी नहीं है, फिर उन्हें किस हैसियत से ये महल दिया गया है?
इसके बाद स्वाति मालीवाल ने हमलावर होते हुए कहा- मुझे ऐसा लगता है कि ये सरासर जनता के पैसे की लूट है। पंजाब सरकार को इस तरह से अरविंद केजरीवाल जी को अपने अय्याशियों पर उनसे पैसे नहीं खर्च कराने चाहिए। शीशमहल जो दिल्ली का था, उसकी वजह से ही आज उनके ये हालात हैं।
अगर ऐसा ही चलता रहा तो शीशमहल 2 की वजह से आगे पंजाब में क्या होगा, ये सोचकर कम से कम अरविंद केजरीवाल जी को अपनी अय्याशियों पर कंट्रोल करना चाहिए।







