---Advertisement---

WPL 2025 Final: मुंबई इंडियंस ने दोबारा जीता खिताब; तीसरी बार फाइनल में हारी दिल्ली कैपिटल्स

---Advertisement---

मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 8 रन से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया है। इससे पहले, WPL 2023 के पहले सीजन में भी मुंबई ने दिल्ली को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुँची, लेकिन एक बार फिर ट्रॉफी उठाने में नाकाम रही। दिल्ली के लिए यह हार निराशाजनक रही, क्योंकि हर बार वह आखिरी कदम पर चूक जाती है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने अपने शानदार प्रदर्शन से साबित कर दिया कि वह WPL की सबसे मजबूत टीमों में से एक है।

यह खबर भी पढ़ें: IPL 2025 के कप्तानों की घोषणा: दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर पटेल को बनाया नया लीडर

दिल्ली ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यह निर्णय शुरुआत में सही साबित हुआ, जब दिल्ली के गेंदबाजों ने 14 रन के भीतर मुंबई के दो विकेट गिरा दिए।

हालांकि, मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम को संकट से उबारा और 66 रन की कप्तानी पारी खेली। उनके अलावा, नैट साइवर-ब्रंट ने 32 रन बनाकर अहम योगदान दिया। मुंबई ने 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए।

दिल्ली के लिए शिखा पांडे और जेस जॉनसन ने किफायती गेंदबाजी की और 2-2 विकेट झटके, जबकि अलिसा कैप्सी और राधा यादव को 1-1 विकेट मिला।

दिल्ली की बल्लेबाजी ने किया निराश

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही। 17 रन के स्कोर पर दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए। हालांकि, जेमिमा रोड्रिग्स (30 रन) और मारिजेन कैप (40 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का साथ न मिलने के कारण दिल्ली लक्ष्य से पीछे रह गई।

मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। नैट साइवर-ब्रंट ने 3 विकेट लेकर दिल्ली की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। अमेलिया केर ने 2 विकेट, जबकि शबनिम इस्माइल, साइका इसहाक और हेली मैथ्यूज ने 1-1 विकेट झटका।

मारिजेन कैप ने एक समय दिल्ली के लिए उम्मीद जगाई, लेकिन 26 गेंदों में 40 रन बनाने के बाद उनके आउट होते ही मैच पूरी तरह मुंबई की झोली में चला गया।

यह खबर भी पढ़ें: शीला दावरे: ऑटो रिक्शा की स्टेयरिंग संभाल समाज की सोच बदलने वाली देश की पहली महिला

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पारी

मुंबई इंडियंस की इस जीत में कप्तान हरमनप्रीत कौर की पारी अहम रही। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में 66 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनकी पारी को देखते हुए उन्हें “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।

अवॉर्ड्स

  • प्लेयर ऑफ द मैच: हरमनप्रीत कौर
  • प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: नैट साइवर-ब्रंट
  • ऑरेंज कैप: नैट साइवर-ब्रंट
  • पर्पल कैप: अमेलिया केर

मुंबई इंडियंस ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से एक बार फिर WPL ट्रॉफी जीतकर खुद को एक चैंपियन टीम साबित कर दिया, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को फिर से उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---

Leave a Comment