---Advertisement---

राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखी ब्राजील मॉडल ने दिया रिएक्शन, अपनी फोटो पर क्या बोलीं?

---Advertisement---

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब हरियाणा चुनावों में “वोट चोरी” के आरोप लगाए, तो उन्होंने एक महिला की तस्वीर भी दिखाई, जिसे उन्होंने 22 बार हरियाणा की वोटर लिस्ट में दर्ज बताया। उन्होंने बताया कि ये महिला ब्राजील की एक मॉडल हैं। अब इस मामले में ब्राजील की पूर्व मॉडल लारिसा का बयान सामने आया है। उन्होंने खुलकर अपनी बात कही है।

मेरी फोटो खरीदकर किसी ने इस्तेमाल की

लारिसा ने वीडियो जारी कर कहा कि यह तस्वीर उनके मॉडलिंग के शुरुआती दिनों की एक पुरानी स्टॉक फोटो है, जिसे किसी ने खरीदकर इस्तेमाल किया। उन्होंने साफ किया, “मेरा भारत की राजनीति से कोई संबंध नहीं है। मेरी फोटो एक वेबसाइट से खरीदी गई थी, जिसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं। मैं कभी भारत गई भी नहीं हूं।”

मेरे इंस्टाग्राम पर इंडियन फॉलोअर्स की बाढ़ आ गई

लारिसा ने बताया कि जैसे ही उनकी तस्वीर भारत की मीडिया में वायरल हुई, उनके इंस्टाग्राम पर भारतीय फॉलोअर्स की बाढ़ आ गई। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, “मेरे इंस्टाग्राम पर भारतीय फॉलोअर्स की संख्या अचानक बढ़ गई। लोग मेरी तस्वीरों पर ऐसे कमेंट कर रहे हैं जैसे मैं चुनाव जीत गई हूं! लेकिन साफ कर दूं — वो मैं नहीं थी, बस मेरी फोटो थी।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे भारतीय लोगों की दयालुता और प्यार के लिए धन्यवाद देना है। भले ही मैं आपकी भाषा नहीं जानती, लेकिन आपके संदेश और ट्रांसलेशन देखकर अच्छा लग रहा है।” मजाकिया लहजे में उन्होंने कहा, “मैं खुद को भारतीय नहीं बल्कि मेक्सिकन जैसी लगती हूं।”

कई इंडियन जर्नलिस्ट इंटरव्यू के लिए संपर्क कर रहे

एक अन्य वीडियो में लारिसा ने बताया कि कई भारतीय पत्रकार उनसे संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बताया, “कई इंडियन जर्नलिस्ट इंटरव्यू के लिए मुझसे संपर्क कर रहे हैं। मैंने उन्हें जवाब दिया कि मैं वही ‘मिस्ट्री ब्राजीलियन मॉडल’ हूं, लेकिन असल में अब मैं मॉडल नहीं हूं।”

लारिसा ने मजाक में कहा कि वह अब कुछ भारतीय शब्द सीखने की सोच रही हैं ताकि भारत में उनकी लोकप्रियता और बढ़ सके। “मुझे सिर्फ ‘नमस्ते’ शब्द आता है। अब मैं कुछ और शब्द सीखूंगी और अगले वीडियो में उनका इस्तेमाल करूंगी। जल्द ही मैं भारत में मशहूर हो जाऊंगी,” उन्होंने हंसते हुए कहा।

राहुल गांधी ने क्या आरोप लगाए थे?

राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 चोरी हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की वोटर लिस्ट में 25 लाख से ज्यादा फर्जी नाम दर्ज हैं और चुनाव आयोग ने बीजेपी के साथ मिलकर धांधली की।

“H-Files” नाम से पेश किए गए अपने प्रेजेंटेशन में राहुल ने दावा किया कि एक सेंट्रलाइज्ड प्लान के तहत लारिसा की स्टॉक फोटो को 10 बूथों में 22 बार इस्तेमाल किया गया और उसे सीमा, स्वीटी और सरस्वती जैसे नामों से जोड़ा गया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की वोटर लिस्ट में 25,41,144 फर्जी वोटर, 5,21,619 डुप्लीकेट वोटर, 93,174 गलत पते, और 19,26,351 बल्क वोटर दर्ज हैं। राहुल गांधी ने कहा, “हरियाणा में चुनाव नहीं, बल्कि चुनाव की चोरी हुई है। और यह साफ है कि इसके पीछे कौन है।”

चुनाव आयोग ने आरोपों को किया खारिज

हालांकि, चुनाव आयोग के सूत्रों ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वोटर लिस्ट को लेकर किसी ने कोई अपील दाखिल नहीं की है। आयोग ने यह भी सवाल उठाया कि अगर डुप्लीकेट वोटर हैं, तो राहुल गांधी कैसे मान सकते हैं कि उन्होंने बीजेपी को ही वोट दिया, कांग्रेस को नहीं।

वहीं, बीजेपी ने राहुल गांधी के आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस नेता अपनी नाकामी छिपाने के लिए चुनाव आयोग और लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश कर रहे है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---

Leave a Comment